Showing posts with label राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस. Show all posts
Showing posts with label राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस. Show all posts

Sunday, 17 January 2016

राष्ट्रपति श्री प्रणब मुखर्जी ने पल्स पोलियो कार्यक्रम-2016 का शुभारंभ किया


राष्ट्रपति श्री प्रणब मुखर्जी ने शनिवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में पांच वर्ष से कम आयु के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाकर वर्ष 2016 के लिए पल्स पोलिया कार्यक्रम की शुरूआत की। इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री श्री जे.पी. नड्डा भी उपस्थित थे। रविवार को देश भर में पोलियो को जड़ के समाप्त करने के अभियान के तहत राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस मनाया जा रहा है।। इस मौके पर 5 वर्ष से कम आयु के 17.4 करोड़ बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी।

राष्ट्रीय प्रतिरक्षण दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री श्री जे.पी.नड्डा ने कहा कि” पोलियो से मु्क्त पांच वर्ष हम सब के लिए बहुमूल्य है। भारत को मई 2015 में मातृत्‍व एवं प्रसवपूर्व टिटनेस उन्‍मूलन मुक्त घोषित किया गया,जबकि इसका विश्व स्तर पर लक्ष्य दिसंबर 2015 था।यह सर्वव्यापी स्वास्थ्य लाभ और स्वास्थ्य सुविधाओं में अंतर को समाप्त के प्रति देश की स्मरणीय उपलब्धि है।

श्री नड्डा ने कहा कि ये कोई लक्ष्य प्राप्ति नहीं है बल्कि संपूर्ण देशवासियों द्वारा कठिन मेहनत और धैर्य को बनाए रखने की नई शुरूआत है। विश्व से पोलियो की समाप्ति अंतिम चरण में है औऱ वर्तमान में पोलियो विश्व के सिर्फ दो देशो पाकिस्तान और अफगानिस्तान में प्रभावी है। पोलियो के दूसरे देशों से प्रभावित करने के कारण पोलियो संक्रमण से बचाव के लिए राष्ट्रीय और अंतक्षेत्रीय स्तर पर निगरानी रखने के साथ-साथ विशेष सतर्कता बरती जा रही है। हम चौकस हैं और इसी कारण हम भारत की अंतराष्ट्रीय सीमाओं पर निरंतर पोलियो टीकाकरण अभियान चला रहे हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन के दिशानिर्देशों के अनुरूप भारत और आठ देशों के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यात्रा सलाह जारी की गई है। इन देशों में पाकिस्तान,अफगानिस्तान,नाईजीरिया,कैमरून,सीरिया,इथोपिया, सोमालिया और केन्या शामिल हैं। इसके अतिरिक्त पोलिया के विषाणु के दूसरे जगहों से पहुंचने की स्थिति में नियंत्रण के लिए सभी राज्य और संघ शासित प्रदेशो में आपातकालीन तत्परता और प्रतिक्रिया योजना के अंर्तगत त्वरित प्रतिक्रिया दल का गठन किया गया है।

स्वास्थ्य मंत्री श्री नड्डा ने कहा कि बच्चों को ओर अधिक सुरक्षा देने और पोलियो उन्मूलन में मिली सफलता को कायम रखने के लिए केंद्र सरकार ने 30 नबंवर,2015 से इंजेक्शन युक्त पोलियो वैक्सीन( आईपीवी) की शुरूआत की है। पहले चरण में छह राज्यों असम, गुजरात,पंजाब, बिहार, मध्य प्रदेश और उत्तरप्रदेश में इसकी शुरूआत की गई है। उन्होंने कहा कुछ माह में ट्राइवेलेंट ओपीवी से बाईवेलेंट ओपीवी में बदलने की योजना बना रहे हैं।

श्री नड्डा ने देश को पोलिया मुक्त बनाने में हजारों स्वंयसेवियों,स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं,राज्यों के स्वास्थ्य अधिकारियो और भागीदारी करने वाली संस्थाओं के अथक प्रयासों की सराहना की।

इस अवसर पर केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण सचिव श्री बी पी शर्मा,मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी और अन्य संस्थाओं के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।